सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला में उत्साहपूर्वक मनाया गया मितानिन दिवस, मितानिनों का हुआ सम्मान।

करतला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला में फूलबाई राठिया सरपंच करतला के मुख्य आतिथ्य में मितानिन दिवस उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उन्होंने मितानिन कार्यक्रम के 23 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक 25 वर्ष पूर्ण होने पर मितानिन बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान देने वाली मितानिनों का सम्मान कर उनके सेवा, समर्पण और निष्ठा की सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. रश्मि सिंह ने कहा कि मितानिनें समुदाय में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संरक्षण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता, टीकाकरण, पोषण तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि मितानिनें जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर निष्ठापूर्वक सेवा करती हैं और स्वास्थ्य विभाग एवं समुदाय के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती हैं। उनके समर्पण एवं सेवाभाव की जितनी सराहना की जाए, कम है।
वहीं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका गोयल ने मितानिनों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह, जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मितानिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके सतत प्रयासों से महिलाओं एवं परिवारों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है तथा जरूरतमंदों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर डॉ विवेक प्रताप सिंह ने मितानिन कार्यक्रम के 25 वर्षों की उपलब्धियों और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में मितानिनों के योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । कार्यक्रम में उपस्थित द्वारिका ध्रुव (बीसी मितानिन) ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा आगे भी सेवा, सहयोग और समर्पण के साथ समुदाय के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
भीषम राठिया (बीईटीओ ) ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मितानिनों के अथक परिश्रम को सम्मान देना, उनका उत्साहवर्धन करना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका को रेखांकित करना रहा। इस अवसर पर रविशंकर राठिया, कमलेश राठिया, पुष्पलता गौर,सन्तोष दिव्य, महाबीर प्रसाद,रामकुमार साहू ,अनूपा महंत, मीना खूंटे सहित स्टाफ व मितानिन साथी उपस्थित रहे।

Youtube

मिल्खा सिंह ज्ञानी

एडिटर-इंडिया007न्यूज मो.+91 98279 34086

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button