छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग की खुली पोल, पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को व्हाट्सएप पर मिल रही एक्स-रे रिपोर्ट

अस्पताल बदहाल, डिजिटल व्यवस्था का मज़ाक: जमीन पंजीयन वाली व्हाट्सएप सेवा से थमाई जा रही है मरीजों की जान की रिपोर्ट

पामगढ़ । प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के दावों की जमीनी हकीकत इन दिनों छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ तौर पर देखी जा सकती है। स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर पामगढ़ का यह अस्पताल अपनी बदहाली के आंसू बहा रहा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि मरीजों को उनकी गंभीर एक्स-रे रिपोर्ट अब अस्पताल के रिकॉर्ड रूम या डॉक्टर के चैंबर की बजाय सीधे व्हाट्सएप पर भेजी जा रही है।
सामने आए इस गंभीर मामले के दो पुख्ता प्रमाण (05 मार्च 2026 और 13 नवंबर 2026 की एक्स-रे चैट्स) ने सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल दावों की पोल खोलकर रख दी है। आलोचकों का कहना है कि जिस व्हाट्सएप तकनीक का उपयोग प्रशासनिक कार्यों (जैसे जमीन पंजीयन) के लिए शुरू किया गया था, आज उसका इस्तेमाल मरीजों की जान से जुड़े मेडिकल रिपोर्ट्स के आदान-प्रदान के लिए हो रहा है।
”सस्ती है मरीज की जान, विष्णु के कुशासन की यही पहचान”
इस व्यवस्था पर तीखा प्रहार करते हुए पामगढ़ से कांग्रेस विधायक शेषराज हरबंश ने प्रदेश की भाजपा सरकार और स्वास्थ्य महकमे को आड़े हाथों लिया है। विधायक ने इसे सरकार की संवेदनहीनता और कुशासन का जीता-जागता उदाहरण बताया है।
विधायक शेषराज हरबंश का बयान
“पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर हैं। जहां एक ओर मरीजों को बेहतर इलाज और पुख्ता चिकित्सीय दस्तावेज मिलने चाहिए, वहीं इस सरकार में उन्हें व्हाट्सएप पर एक्स-रे रिपोर्ट थमाई जा रही है। यह सीधे तौर पर आम जनता और गरीबों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है। सरकार जमीन पंजीयन के लिए व्हाट्सएप सेवा का ढिंढोरा पीटती है, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं में फैले इस अंधेरगर्दी ने बता दिया है कि जनता की जान इस सरकार के लिए कितनी सस्ती हो गई है।”
स्वास्थ्य व्यवस्था पर मंडराते सवाल
एक तरफ सरकार डिजिटल इंडिया और हर अस्पताल में आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने का दावा करती है, वहीं पामगढ़ के इस सरकारी अस्पताल की तस्वीर कुछ और ही दास्तां बयां कर रही है। जानकारों का मानना है कि इस तरह व्हाट्सएप पर मेडिकल रिपोर्ट्स भेजना न सिर्फ मरीजों की गोपनीयता के खिलाफ है, बल्कि इससे इलाज में गंभीर त्रुटियां होने की भी पूरी आशंका बनी रहती है। बहरहाल, इस एक्सक्लूसिव खुलासे के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और जनता सवाल पूछ रही है कि आखिर कब सुधरेगी पामगढ़ की यह बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था?




