सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पत्रकार एकता का नया अध्याय, प्रेस रिपोर्टर क्लब के नवीन कार्यालय का भव्य शुभारंभ

प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी एवं प्रदेश संरक्षक देवीलाल निषाद बैगा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने दी शुभकामनाएं

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में पत्रकारिता की एकजुटता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के नवीन कार्यालय का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रायगढ़ जिला मीडिया प्रभारी सुरेश पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रेस रिपोर्टर क्लब के नवीन कार्यालय का भव्य शुभारंभ अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी एवं प्रदेश संरक्षक देवीलाल निषाद बैगा सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नवीन कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने प्रेस रिपोर्टर क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों को बधाई देते हुए इसे पत्रकारों के हित में एक सराहनीय कदम बताया। सभी ने उम्मीद जताई कि यह कार्यालय पत्रकारों के बीच संवाद, समन्वय, सहयोग एवं संगठनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लिखने और प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने और शासन-प्रशासन तक आमजन की समस्याओं को पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। जब पत्रकार संगठित होंगे, तभी उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाई जा सकेगी।
उन्होंने आगे कहा कि वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को एक मंच पर आकर आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग और सम्मान की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। पत्रकार समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं, इसलिए पत्रकारों के बीच एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती बेहद आवश्यक है।
प्रदेश संरक्षक देवीलाल निषाद बैगा ने भी नवीन कार्यालय के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में आपसी प्रेम, विश्वास, सहयोग और सम्मान की भावना बनी रहनी चाहिए। पत्रकार समाज की आवाज को बुलंद करने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य करते हैं। उन्होंने इस नई शुरुआत के लिए सभी पत्रकार साथियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर दैनिक भास्कर बिलासपुर के रीजनल हेड राम हृदय दुबे, सारंगढ़-बिलाईगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मेश्वर देवांगन, सारंगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष अधिवक्ता संघ आशीष भट्ट, विधायक प्रतिनिधि शेखर भट्ट, पूर्व नगर अध्यक्ष रामनारायण देवांगन सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त महिला नेत्री राधा राकेश, यश वाई देवांगन, मंडल अध्यक्ष अविनेश मनहर, भूपेंद्र यादव, विनोद साहू, यशवंत साहू, मुरलीधर मिश्रा, सुकलाल निषाद एवं ओम शार्या सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों की एकता, संगठन की मजबूती, पत्रकार सुरक्षा, सम्मान एवं निष्पक्ष पत्रकारिता को लेकर सकारात्मक विचार साझा किए गए। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकारों को निर्भीकता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार साथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास से संगठन निरंतर आगे बढ़ेगा। उन्होंने पत्रकार परिवार की एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नया इतिहास लिखने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

नवीन कार्यालय का शुभारंभ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पत्रकारों के संगठनात्मक विस्तार और आपसी एकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


