आदिवासी अंचल के बच्चों के भविष्य को संवार रहे शिक्षक भोज सिंह राठिया, 100 से अधिक चयनित विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
निःशुल्क संडे स्पेशल कोचिंग के माध्यम से पिछले 5-6 वर्षों से शिक्षा की अलख जगा रहे हैं शिक्षक भोज सिंह राठिया, पालकों ने पूरी टीम का किया सम्मान
कोरबा (रामपुर)। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के करतला तहसील अंतर्गत आदिवासी अंचल ग्राम घिनारा में शिक्षा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। यहां शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की चयन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले 100 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस सराहनीय पहल के सूत्रधार ग्राम घिनारा निवासी शिक्षक श्री भोज सिंह राठिया हैं, जो विगत 5-6 वर्षों से लगातार क्षेत्र के जरूरतमंद एवं प्रतिभावान बच्चों को निःशुल्क कोचिंग प्रदान कर रहे हैं। उनके द्वारा विशेष रूप से विद्यालयों में अवकाश के दिनों में कोचिंग कक्षाओं का संचालन किया जाता है, ताकि ग्रामीण परिवेश के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल सके।
शिक्षक भोज सिंह राठिया का यह प्रयास केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आदिवासी अंचल के बच्चों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर विद्यालयों में प्रवेश दिलाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करने के लिए वे अपनी पूरी टीम के साथ निरंतर सेवाभाव से कार्य कर रहे हैं।
100 से अधिक चयनित विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
इसी शैक्षणिक अभियान के अंतर्गत आयोजित सम्मान समारोह में विगत वर्षों के दौरान विभिन्न विद्यालयों की चयन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चयनित हुए 100 से अधिक बच्चों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का एक विशेष और भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब विद्यार्थियों के पालकों ने शिक्षक भोज सिंह राठिया एवं उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया। पालकों ने कहा कि निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से उनके बच्चों को जो मार्गदर्शन और सहयोग मिला है, वह उनके परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक का यह समर्पण ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति नई उम्मीद जगा रहा है।
गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर शिक्षक भोज सिंह राठिया के सहयोगी वीर सिंह राठिया, पद्मलोचन राठिया,संतोष कुमार राठिया, एवं ग्राम पंचायत घिनारा के पूर्व सरपंच जीवित लाल राठिया, टी. आर. राठिया (प्राचार्य), डॉ. भीषम राठिया, डॉ. भावना राठिया, लम्बोदर चौधरी, शिक्षक शंकरलाल पटेल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन, पालकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित अतिथियों ने शिक्षक भोज सिंह राठिया एवं उनकी पूरी टीम के निःस्वार्थ शैक्षणिक योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की तथा इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
एक शिक्षक का समर्पण, सैकड़ों बच्चों के सपनों को दे रहा नई उड़ान
ग्राम घिनारा में संचालित यह निःशुल्क कोचिंग अभियान समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है। शिक्षक भोज सिंह राठिया का प्रयास बताता है कि शिक्षक की भूमिका केवल कक्षा में पाठ पढ़ाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह समाज की आने वाली पीढ़ी का भविष्य गढ़ने में जी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।




