छत्तीसगढ़ के कवर्धा में फिर उपद्रव,कई इलाकों में वाहनों में तोड़फोड़…हिंदू संगठनों ने कवर्धा-जबलपुर नेशनल हाईवे जाम किया


कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कवर्धा में दो दिन पहले झंडा लगाने से शुरू हुए बवाल ने मंगलवार को उग्र रूप ले लिया। बड़ी संख्या में तमाम लोग सड़क पर लाठियां, रॉड और डंडे लेकर निकल आए और घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। कई बस्तियों में हंगामा चलता रहा बवाल बढ़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। वहीं हिंदू संगठनों ने कवर्धा-जबलपुर नेशनल हाईवे जाम कर दिया है। उपद्रव के बाद प्रशासन ने 24 घंटे का कर्फ्यू लगा दिया है।
विश्च हिंदू परिषद के बुलाए गए बंद को देखते हुए जिले के सभी बाजार और दुकानें बंद थी। इसी दौरान दोपहर में बड़ी संख्या में लोग हाथों में रॉड, डंडा लेकर रैली की शक्ल में शहर में निकल आए। प्रदर्शनकारियों ने आदर्श नगर, पीजी कॉलेज रोड, लोहारा नाका, कोतवाली के पीछे का एरिया, जल संसाधन ऑफिस के पास बसी बस्तियों और कॉलोनियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बाहर खड़ी बाइक, कार और यहां तक कि ठेलों को भी तोड़ दिया।
उपद्रवियों ने कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और वाहनों को पलट दिया। बाहर की स्थिति को देखते हुए कोई भी घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। आरोप है कि उपद्रव और तोड़फोड़ के दौरान पुलिस वहां पुलिस तमाशबीन बनकर खड़ी रही। पुलिस के सामने ही प्रदर्शनकारी उपद्रव करते रहे। करीब एक घंटे तक सब चलता रहा, इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया है। शहर के कई इलाकों में अभी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
वहीं विश्व हिंदू परिषद ने दो पक्षों में हुए विवाद के बाद पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। इसे लेकर कवर्धा बंद का आह्वान किया गया है। उनका आरोप है कि हत्या के इरादे से झंडा फहराने को लेकर हमला किया गया। पुलिस ने इस पर पीड़ित पक्ष को ही पीटा और इलाज में देरी की। साथ ही दुर्गेश देवांगन की पिटाई मामले में मजिस्ट्रीयल जांच की मांग की है। इस दौरान उन्होंने हाईवे भी जाम कर रखा है। इसे देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात है।
पूरा विवाद वार्ड नंबर 27 के लोहारा नाका चौक इलाके में झंडा लगाने को लेकर शुरू हुआ था। रविवार दोपहर कुछ युवकों ने अपना झंडा चौराहे पर लगा दिया। इसी बात को लेकर दो गुटों के युवक सड़क पर लाठी-डंडे लेकर उतर आए। एक दूसरे को पीटा। पत्थरबाजी हुई। पुलिस की आंखों के सामने एक युवक को भीड़ पीटती रही। मारपीट में 8 लोग घायल हुए हैं। इनका इलाज कवर्धा के अस्पताल में कराया जा रहा है। इसके बाद सोमवार को शांति समिति की बैठक भी बुलाई गई थी।
Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.




