खाद संकट को लेकर 26 जुलाई को भाजपा करेगी विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन

= किसानों की समस्याओं को उठायेगी भाजपा,तैयारियों संबधी हुई बैठक
जगदलपुर।
खाद की कमी व संकट से जूझ रहे प्रदेश के किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी आगामी 26 जुलाई को पूरे प्रदेश में विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करेगी। भाजपा किसान मोर्चा के बैनर तले यह विशाल धरना प्रदर्शन राज्य के सभी 90 विधानसभाओं में एक साथ किया जायेगा। जिसकी तैयारियों के संबंध में आज भाजपा जिला कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक भी आहुत की गयी। जिसमें भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक ठाकुर भी शामिल थे।
बैठक को अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश कश्यप,प्रदेश महामंत्री किरणदेव,श्रीनिवास राव मद्दी,भाजपा जिलाअध्यक्ष रूप सिंह मंडावी,किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री ठाकुर,श्रीनिवास मिश्रा आदि ने संबोधित किया।भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश के किसानों को खाद की कमी से जूझना पड़ रहा है,एक ओर सोसायटी में खाद नहीं मिल रही है और दूसरी ओर खुले बाजा़र मे खाद की ऊँचे दामों में बिक्री हो रही है। यह सब कांग्रेस सरकार की गलत नीति व नीयत की वजह से हो रहा है। किसानों की आवाज़ बन कर भारतीय जनता पार्टी ने धरना आंदोलन की रुपरेखा बनायी है।जिसमें भाजपा के समस्त मोर्चा,प्रकोष्ठ,मंडल व जिले के पदाधिकारी,कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में धरना की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गयी।
बस्तर से पवन नाग की रिपोर्ट….