गांधी-शास्त्री जयंती के पावन अवसर पर स्व. रामप्रसाद देवांगन शासकीय महाविद्यालय, खरोरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा शिविर का आयोजन किया गया।

गांधी-शास्त्री जयंती के पावन अवसर पर स्व. रामप्रसाद देवांगन शासकीय महाविद्यालय, खरोरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा गोदग्राम केसला में दिवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम केसला के सरपंच माननीय श्री विनोद कुमार देवांगन, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री गिलहरे सर एवं अतिथियों द्वारा महापुरुष द्वय गांधी और शास्त्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। समस्त अतिथियों का स्वागत, अभिनंदन गुलाल एवं पुष्पगुच्छ से कर स्वयंसेवकों ने राजगीत के माध्यम से छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना की। तत्पश्चात रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ बाल्मीकि साहू ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और गुदड़ी के लाल लाल बहादुर शास्त्री के जीवनवृत्त पर संक्षेप में प्रकाश डाला। रासेयो स्वयं सेवक हीना, आकांक्षा, त्रिवेणी, हारदीपा, चेतन, प्रकाश, गिलेश्वरी, योगेश, अनीशा, देविका आदि ने भी गीत, कविता, भाषण और ड्राइंग के माध्यम से राष्ट्रनायकों के योगदान एवं उनके संदेश को याद किया। इस अवसर पर मंचस्थ मुख्य अतिथि श्री विनोद देवांगन ने जननायक बापू और शास्त्री के योगदान को स्मरण कर जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने की बात कही। सेवानिवृत्त शिक्षक श्री मनीराम महिलांगे ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री निलेश गोयल ने राष्ट्रपिता बापू और भारत रत्न शास्त्री को नमन कर जीवन में अनुशासन के महत्व को रेखांकित किया। माध्यमिक शाला केसला के प्रधानपाठक श्री सीबी धुरंधर ने ग्रामोत्थान, स्वालंबन, स्वच्छता का संदेश देने वाले बापू तथा ‘जय जवान जय किसान’ का नारा देने वाले, सादगी और निष्ठापूर्वक भारत की सेवा करने वाले देश के द्वितीय प्रधानमंत्री शास्त्री जी के कार्यों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों एवं स्वयंसेवकों ने प्राथमिक शाला प्रांगण केशला में गुलमोहर का पौधा रोपा। तदुपरांत प्राथमिक शाला प्रांगण, परमेश्वरी मंदिर चौक, ग्राम पंचायत भवन केशला परिसर की साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत केशला की ओर से माननीय सरपंच और सेवानिवृत्त शिक्षक श्री गिलहरी ने अपने करकमलों से स्वयंसेवकों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राध्यापक और यूथ रेडक्रास प्रभारी श्री खटकर ने समस्त अतिथियों को अपना बहुमूल्य समय देकर कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आभार प्रदर्शित किया। इस अवसर पर देविका, दुर्गेश्वरी, प्रीति, नेहा,मुस्कान, मोना, योगेश, हर्ष, कल्याणी, प्रकाश, खिलेंद्र, देवेंद्र, खुशबू, पार्वती, एकता, सुरेखा, निकिता, कमलेश्वरी आदि अनेक स्वयंसेवक उपस्थित थे।



