पंडित रविशंकर शुक्ल, यतियतन लाल एवं महाराजा अग्रसेन सम्मान के लिए 25 सितम्बर तक प्रविष्टियां आमंत्रित

रायगढ़, 17 सितम्बर2021/ राज्य शासन ने सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में किए गए अभिनव प्रयास के लिए सम्मानित करने और उनमें एक राष्ट्रीय कीर्तिमान विकसित करने की दृष्टि से राज्य स्तरीय पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान की स्थापना की है। इसी तरह राज्य शासन ने अहिंसा एवं गौ रक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयास के लिए राज्य स्तरीय यतियतन लाल सम्मान एवं सामाजिक, समरसता यथा सभी वर्गो में समभाव, सौहाद्र्र, समाज सेवा के स्थाई कार्य जैसे अस्पताल, धर्मशाला, पेयजल, स्वच्छता एवं सामाजिक विकास के अन्य स्थाई स्वरूप के कार्यो में जनभागीदारी को बढ़ावा देने, सामाजिक चेतना का अच्छा वातावरण विकसित करने के योगदान को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से अखिल भारतीय महाराजा अग्रसेन सम्मान की स्थापना की है।
वर्ष 2021 के लिए उक्त पुरस्कार प्राप्त करने के लिए एक व्यक्ति के चयन हेतु सर्वसंबंधितों से 25 सितम्बर 2021 सायं 5 बजे तक प्रविष्टियां आमंत्रित की गई है। उक्त पुरस्कार की राशि 2 लाख रुपए चयनित व्यक्ति को नगद, सम्मान प्रतीक चिन्ह से युक्त पट्टिका एवं प्रमाण-पत्र भी प्रशस्ति के रूप में दी जाएगी। उक्त पुरस्कार राज्य शासन द्वारा नियुक्त निर्णायक मंडल (जूरी) द्वारा चयन होने पर ही दिया जाएगा। आवेदक जिस जिले का निवासी हो उस जिले के कलेक्टर को अपनी प्रविष्टि निर्धारित अंतिम तिथि तक प्रस्तुत कर सकेगा। सीधे इस विभाग को प्राप्त प्रविष्टि पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।




