बिलासपुर: ब्यूटी पार्लर की आड़ में देह व्यापार, कोरबा निवासी राजेश वैष्णव को पुलिस ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन से किया गिरफ्तार

बिलासपुर। सरकंडा इलाके में ब्यूटी पार्लर की आड़ में देह व्यापार कराने वाले गिरोह के फरार सदस्य को सरकंडा पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। कोरबा निवासी राजेश वैष्णव को पुलिस ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही दुर्गेश्वरी वैष्णव और उसकी बेटी सुमन वैष्णव गिरफ्तार हो चुकी है। राजेश कोई और नहीं दुर्गेश्वरी का ही पति है।
नौकरी का झांसा देकर युवती को देह व्यापार में धकेल दिया था
दरअसल, पिछले महीने सरकंडा क्षेत्र में की रहने वाली दुर्गेश्वरी वैष्णव और उसकी बेटी सुमन को रायगढ़ की रहने वाली युवती(22) से जबरदस्ती देहव्यापार कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। युवती की पहचान इनसे 6 महीने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। युवती ने इन्हें बताया था की उसे नौकरी की जरूरत है। तब दोनों मां-बेटी ने उसे ब्यूटी पार्लर में नौकरी दिलाने की बात कहकर बिलासपुर बुला लिया था। इसी दौरान लॉकडाउन के चलते जब ब्यूटी पार्लर बंद हो गया तो दोनों मां बेटी उस युवती पर देह व्यापार के लिए जोर डालने लगे। उससे देह व्यापार कराने के बावजूद उसे पैसे भी नहीं दिए जाते थे। साथ ही उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
आधी रात सरकंडा थाने के सामने पिया था जहर
किसी तरह मां-बेटी की चंगुल से छूटकर युवती तब रात भर बिलासपुर में भटकती रही और फिर सरकंडा थाने में पहुंचकर जहर पी लिया था। बाद में पीड़ित युवती ने पूरे मामले का खुलासा किया। जिसके बाद 26 जुलाई को दुर्गेश्वरी और सुमन वैष्णव को गिरफ्तार किया गया था । वहीं इस पूरे मामले में पीड़ित युवती ने बताया था कि दुर्गेश्वरी का पति राजेश वैष्णव भी इसी सेक्स रैकेट का हिस्सा था और जुलाई 2021 में वह उसे देह व्यापार कराने के लिए सूरत लेकर भी गया था।
अपराध दर्ज होने के बाद से राजेश वैष्णव फरार था। इधर, बुधवार को उसकी तलाश में जुटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी राजेश वैष्णव बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा है और वो भागने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राजेश वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया ।
Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.



