160 चारागाह के 268 एकड़ क्षेत्र में लगाया गया है हरा चारा

चारागाह का रकबा बढ़ाने तेजी से किया जा रहा प्लांटेशन

कलेक्टर श्री भीम सिंह ने बैठक लेकर दिए निर्देश

रायगढ़, 30 जुलाई2021/ कलेक्टर श्री भीम सिंह द्वारा गत दिवस गौठानों में चारागाह विकास के संबंध में समीक्षा बैठक ली गई। कलेक्टर श्री सिंह ने शासन की मंशानुरूप गौठानों में चारा विकास को बढ़ावा देने हेतु विकासखण्डवार गौठानों में चारागाह विकास की प्रगति एवं विकासखण्डवार स्वीकृत चारागाह के विरूद्ध कितने चारागाहों में कितने रकबे में हरा चारा बोया गया है के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने समस्त विभागों को आपसी समन्वय बनाकर चारागाहों में चारा रोपण का कार्य कराने हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में हाइब्रिड नेपियर घास को बढ़ावा देने हेतु उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें रायगढ़ को हार्ईब्रिड नेपियर रूट कट चंदखुरी फार्म जिला-दुर्ग से मंगाकर समस्त विकास खण्डों में वितरित करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने सीईओ जनपद पंचायतों को स्वीकृत चारागाहों में कम से कम एक-एक एकड़ में हाईब्रिड नेपियर घास लगाने एवं चारागाहों में पानी फेंसिंग की व्यवस्था तथा गेट लगाने हेतु निर्देशित किया।
उप संचालक पशु पालन विभाग ने बताया कि पिछले वर्ष 22 गौठानों में रोपित हाइब्रिड नेपियर से हरा चारा उत्पादन हो रहा है। माह अप्रैल 2021 से अभी तक कुल 64 क्ंिवटल नेपियर हरा चारा का उत्पादन किया जा चुका है। इस वर्ष जिले के 160 चारागाहों में 220 एकड़ में 9200 कि.ग्रा.मक्का, 107 चारागाहों के 27 एकड़ में 18800 हाइब्रिड नेपियर रूट कट एवं 72 चारागाहों के 21 एकड़ में 400 कि.ग्रा.सोरघम लगाया गया है। इस क्रम में 90 हजार हाईब्रिड नेपियर रूट्स आज बरमकेला विकासखण्ड के चारागाहों के लिए मंगाए गए है। जिसका रोपण शीघ्र शुरू होने जा रहा है।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत डॉ.रवि मित्तल, उप संचालक कृषि, कृषि विज्ञान केन्द्र रायगढ़ के कृषि वैज्ञानिक, उद्यान अधिकारी, समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ, पशुधन विकास विभाग के समस्त विकासखण्ड नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी एवं मैदानी अमले सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी उपस्थित रहे।




