शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खुज्जी में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन


डोंगरगांव। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खुज्जी में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एवं शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। प्रातः 7:30 बजे से योगाभ्यास का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें छात्र-छात्राएं सभी शिक्षक शिक्षिकाएं एवं कार्यालय के समस्त कर्मचारी सम्मिलित हुए। व्यायाम शिक्षक श्री के .पी. साव एवं प्रभारी प्राचार्य श्री गुमान साहू के द्वारा योगाभ्यास करवाया गया।
पश्चात 10:00 बजे से शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हुआ जिसमें कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुयश नाहटा उपाध्यक्ष जनपद पंचायत डोंगरगांव थे। उनके अलावा कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती सोनाली पंसारी, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष अनिल पंसारी, वसीम खान विशेष रूप से उपस्थित थे। शाला प्रवेश उत्सव के इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष सुयश नाहटा जी ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया एवं संबोधित करते हुए नवप्रवेशी छात्र छात्राओं का स्वागत अभिनंदन किया। सभा को सरपंच श्रीमती सोनाली पंसारी,अनिल पंसारी एवं वसीम खान जी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं का गुलाल से तिलक कर स्वागत अभिनंदन किया गया तथा चॉकलेट खिलाकर मुंह मीठा किया गया साथ ही नव प्रवेशी छात्र छात्राओं को निशुल्क पाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया। प्राचार्य श्री गुमान साहू ने शासन से मिलने वाले विशेष हितग्राही योजनाओं जैसे निशुल्क सरस्वती साइकिल योजना, निशुल्क गणवेश योजना, मध्यान्ह भोजन, राज्य छात्रवृत्ति आदि के बारे में छात्रों को जानकारी दिया तथा विद्यालय में भयमुक्त वातावरण में सभी छात्र छात्राओं को हर्ष उल्लास के साथ अध्ययन अध्यापन करने का आह्वान किया। उक्त अवसर पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों व विद्यार्थियों के साथ साथ वरिष्ठ ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




