राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार
राज्य खेल संघों से अनुशंसा सहित आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 अगस्त
रायगढ़, 22 जुलाई2021/ छत्तीसगढ़ शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2019-20 एवं 2020-2021 हेतु राज्य खेल अलंकरण हेतु आवेदन आमंत्रित किया जा रहा है। प्रतिवर्ष खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों को खेल पुरस्कार प्रदान कर, राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाता है। यह पुरस्कार राज्य के लिये उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों को प्रदान किया जाता है।
इसके अंतर्गत सीनियर वर्ग के ऐसे खिलाडय़ों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार (03 लाख रुपये) दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में या राष्ट्रीय खेलों में कोई पदक प्राप्त किया हो या अधिकृत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो।
इसी प्रकार जूनियर वर्ग के लिये ऐसे खिलाडिय़ों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार (01 लाख 50 हजार रुपये) दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में कोई पदक प्राप्त किया हो या अधिकृत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो।
ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने विगत 5 वर्षों में 4 बार सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया हो, उन्हें शहीद पंकज विक्रम सम्मान (25 हजार रुपये) से सम्मानित किया जाता है।
प्रशिक्षकों/निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार (01 लाख 50 हजार रुपये) से अलंकृत किया जाता है।
खेल से जुड़े 55 वर्ष या अधिक उम्र के अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लिया हो या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो या संबंधित ने ऐसी कोई उल्लेखनीय सेवा खेल के क्षेत्र में की हो, जिसके आधार पर उन्हें सम्मानित किये जाने पर विचार करते हुए उन्हें शहीद विनोद चौबे सम्मान (25 हजार रुपये) से अलंकृत किया जाता है।
इसी प्रकार सीनियर एवं जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त दल को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाती है, जिसमें ऐसे दलीय खेल जिसके सदस्यों की संख्या 04 है, उन्हें सीनियर वर्ग में 02 लाख रुपये एवं जूनियर वर्ग में 01 लाख रुपये दिया जाता है तथा ऐसे दलीय खेल जिनमें सदस्यों की संख्या 04 से अधिक है, उन्हें सीनियर वर्ग में 05 लाख रुपये एवं जूनियर वर्ग में 03 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है।
पुरस्कार के अतिरिक्त मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई प्रदान की जाती है।
पुरस्कार के नियम छत्तीसगढ़ राजपत्र में एवं विभागीय वेबसाईट www.sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध हैं। नियमों के अंतर्गत पात्रता रखने वाले आवेदकों को पुरस्कार के लिये प्रावीण्यता के आधार पर चयन किया जाएगा।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त विजेताओं को प्रोत्साहन नियम के तहत नगद राशि पुरस्कार प्रदान किया जाता है। वर्ष 2019-20 एवं 2020-2021 में (01 अप्रेल से 31 मार्च तक 2 वर्ष के लिये) जिला खिलाडिय़ों ने सबजूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया है, वे खिलाड़ी जिला कार्यालय एवं अपने खेल संघों से आवेदन प्राप्त कर, निर्धारित तिथि तक अपना आवेदन जमा कर सकेंगे।
इसी प्रकार खेलवृत्ति (डाईट मनी) के लिए जिन खिलाडिय़ों ने विगत वर्ष अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व किया हो, खेलवृत्ति हेतु आवेदन कर सकेंगे। खेलवृत्ति हेतु अधिकतम आयु 19 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उपरोक्त हेतु आवेदन फॉर्म संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण रायपुर या सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, रायगढ़ स्टेडियम, रायगढ़ से प्राप्त किये जा सकते हैं। जिला कार्यालय में राज्य खेल संघों से अनुशंसा सहित आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 अगस्त 2021 कार्यालयीन समय तक निर्धारित की गई है।




