हितग्राहियों ने कहा नरवा संवर्धन से जल संचय के साथ बढ़ा सिंचित रकबा कलेक्टर श्री सिंह ने वीडियो काल से जाना नरवा हितग्राहियों का अनुभव

रायगढ़, 19 जुलाई2021/ छ.ग. शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी योजनांतर्गत कलेक्टर श्री भीम सिंह ने नरवा अंतर्गत लाभान्वित हितग्राही श्री ईश्वर, नानबूटी एवं किशोर से विडियो काल के माध्यम से चर्चा की। नरवा अंतर्गत विकासखंड बरमकेला के ग्राम पंचायत दुलोपाली में स्थित लगभग चार किलोमीटर लम्बे जीरानाला में मिट्टी कटाव से रोकथाम तथा जल संचय एवं संवर्धन हेतु बोल्डर चेक, तालाब, पर्कुलेशन टैंक, चेक डेम जैसी संरचनाओं का निर्माण किया गया है। जिससे कि स्थानीय क्षेत्र में मिट्टी कटाव में कमी के साथ-साथ जल के संचय एवं संवर्धन में वृद्धि हो रही है। जिसका प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय किसानों को मिल रहा है। चर्चा के दौरान हितग्राहियों ने कलेक्टर श्री सिंह को बताया कि योजना के पूर्व वर्षा का जल बह जाया करता था, जिससे उपजाउ मिट्टी का बहुत अधिक नुकसान होता था। योजना के पश्चात हितग्राहियों ने बताया कि सिंचित क्षेत्र का रकबा लगभग 10 एकड़ बढ़ गया है तथा सिचाई हेतु पानी की पर्याप्त मात्रा में पूर्ति हो रही है। स्थानीय किसान धान की मुख्य फसल के साथ-साथ मुंगफली, उड़द, मिर्च, टमाटर जैसे अन्य फसलों का भी उत्पादन ले रहे हैं। जिससे पूर्व में किसानों की खेती से केवल दैनिक दिनचर्या हेतु आय का सृजन होता था, लेकिन वर्तमान में दो से ढ़ाई लाख तक अतिरिक्त आय अर्जित कर रहे हैं। इसके लिये किसानों ने शासन-प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।





