सरपंच सचिव की जानकारी बिना ग्राम पंचायत कोकपुर के खाते से निकल गये 5 लाख

डोंगरगांव। ब्लॉक के प्रमुख ग्राम पंचायतों में से एक ग्राम पंचायत कोकपुर में बैंक खाते से 5 लाख रूपये के भुगतान हो जाने का मामला सामने आया है, जिसके बारे में सरपंच सचिव ने अनभिज्ञता जताई है। चैक के माध्यम से विड्राल की गई भारी भरकम राशि के पीछे किसी चैनल पत्रकार का हाथ होने की संभावना जताई जा रही है। मामले की जानकारी होने के बाद अब ग्राम पंचायत कोकपुर में हडक़ंप मचा हुआ है तथा एसडीएम व सीईओ जनपद के निर्देश के बाद सरपंच सचिव ने आज इस धोखाघड़ी की शिकायत स्थानीय थाने में की है, जिसे पुलिस ने अभी जांच में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कोकपुर के खाते से चेक के माध्यम से लाखों की राशि निकाल ली गई है। इस बात की जानकारी सरपंच सचिव को तब हुई जब वे किसी अन्य कार्य के भुगतान के लिए रकम विड्राल करवाने बैंक पहुंचे। वहां बैंक अधिकारियों ने बताया कि उनके खाते में तो रकम ही नहीं है। जब सरपंच सचिव ने जानकारी ली तो पता चला कि किसी ने पंचायत के ही चैक से 5 लाख 3 हजार रू. की राशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवाया है।
इस संबंध में सरपंच ठाकुरराम साहू ने बताया कि बीते 26 अक्टूबर को एक कथित चैनल का पत्रकार उनके पास पहुंचा था और अपने आपको किसी प्रतिष्ठित चैनल का पत्रकार बताते हुए दीपावली पर्व का बधाई संदेश तथा पंचायत में सरपंच द्वारा कराये गये विकास कार्यों के संबंध में इन्टरव्यू चलाने का शुल्क 3 हजार रू. बताते हुए उनसे अग्रिम धनराशि के रूप में चैक की मांग की थी। लेकिन सरपंच ने जब तीन हजार रूपये कैश देने की बात की तो कथित चैनल पत्रकार ने कंपनी में शो करने के नाम पर चैक की ही मांग की। सरपंच के अनुसार काफी अनुनय विनय के बाद वे बड़ी मुश्किल से विज्ञापन तथा चैक देने के लिए राजी हुये। जिसके बाद कथित चैनल पत्रकार को ग्राम पंचायत कोकपुर का 3 हजार रू. का एक चैक दिया गया।
चैक में फजीवाड़े की आशंका
जो अपुष्ट जानकारी निकल कर सामने आ रही है उसके अनुसार चैनल पत्रकार के द्वारा यह कहते हुए चैक को स्वयं भरा गया कि चैनल का नाम आप लोगों से लिखने में गलती हो जायेगा, चैक में कांट छांट होने पर भुगतान नहीं हो पायेगा। मैं दूर का रहने वाला फिर नहीं आ पाऊंगा। आशंका जताई जा रही है कि चैक में अंक तथा शब्दों के स्थान में कुछ जगह छोड़ते हुए चैनल पत्रकार द्वारा दिखाने के लिए 3 हजार रूपये की राशि भरी गई और बाद में सामने 5 लाख रू. की राशि लिखते हुए फर्जीवाड़ा किया गया है।
तभी तो इस प्रकार के चैक जारी करने के संबंध में सरपंच सचिव को भनक तक नहीं लगी। जब खाते से भुगतान हो गया और जब वे अन्य कार्य के लिए राशि निकालने पहुंचे तब उन्हें इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद वे सन्न रह गये।
सीईओ तथा एसडीएम को दी जानकारी
ग्राम पंचायत के खाते से राशि गायब होने और फर्जीवाड़े की जानकारी होने के तुरंत बाद सरपंच सचिव सीईओ जनपद पंचायत पहुंचे और इसकी जानकारी दी। उन्होनें इस संबंध में एसडीएम को भी जानकारी देने और मार्गदर्शन लेने की बात कही, जिसके बाद कुछ ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिवों को साथ लेकर कोकपुर के सरंपच सचिव एसडीएम के पास पहुंचे। जहां निर्देश मिलने बाद आज पुलिस में आवेदन देकर अपने साथ हुए फर्जीवाड़े की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की गई।
सरपंच सचिव पर भी गिर सकती है गाज
त्रिस्तरीय पंचायत अधिनियम में बधाई तथा शुभकामना आदि विज्ञापनों पर प्रतिबंध के बावजूद ग्राम पंचायत कोकपुर के सरपंच सचिव द्वारा विज्ञापन देने के मामले में अब सरपंच सचिव पर भी कार्यवाही की तलवार लटक गई है। पंचायत विभाग के जानकार लोग 5 लाख रूपये के धोखाघड़ी और फर्जीवाड़े के पीछे सरपंच सचिव की ही लापरवाही मान रहे हैं।
इस मामले में प्रभारी सीईओ लेखराम चंद्रवंशी ने कहा कि सरपंच द्वारा अभी मौखिक तौर पर मुझे जानकारी दी गई है। पुलिस की जांच का इंतजार है। वहीं एसडीएम हितेश पिस्दा ने बताया कि सरपंच सचिव के माध्यम से उन्हें इस बात की जानकारी मिली है, उन्होनें पुलिस में शिकायत करने के निर्देश दिये हैं। जबकि टीआई राजेश साहू का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है, आवेदन के आधार पर बैंक आदि से जानकारी ली जायेगी। खाते के माध्यम से भुगतान होने के कारण जल्द ही इस मामले के पटाक्षेप होने की संभावना है।
————————-

देवेन्द्र डोंगर गांव की रिपोर्ट—–

Youtube

मिल्खा सिंह ज्ञानी

एडिटर-इंडिया007न्यूज मो.+91 98279 34086

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button