प्रयास विद्यालयों में कक्षा 9 वीं में प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर

रायगढ़, 25 सितम्बर2021/ राज्य में संचालित प्रयास बालक/कन्या आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2021-22 में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर 2021 है। इन स्कूलों में दाखिले के लिए कक्षा आठवीं उत्तीर्ण प्रतिभावान विद्यार्थी संबंधित जिले के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में 4 अक्टूबर तक आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट www.trible.cg.gov.in एवं जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। इन आवासीय विद्यालयों में दाखिला प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा।
स्वर्गीय राजीव गांधी बाल भविष्य सुरक्षा प्रयास आवासीय विद्यालय संशोधित नियमावली-2020 अनुसार प्रदेश के आदिवासी उपयोजना क्षेत्र तथा नक्सल पीडि़त/प्रभावित क्षेत्रों के शालाओं से कक्षा 8वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण माध्यमिक तथा उच्चतर माध्यमिक शिक्षा एवं इस स्तर पर राज्य/राष्ट्रीय स्तर की होने वाली (इंजीनियरिंग, मेडिकल, सी.ए.सी.एस एवं क्लैट इत्यादि) प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु प्रयास आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए है।
वर्तमान में प्रदेश में 9 आवासीय विद्यालय-रायपुर के सड्डू में बालक-200 सीट, गुढिय़ारी रायपुर में कन्या-155 सीट, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और अम्बिकापुर में 125-125 सीटों में से बालकों के लिए 75 और बालिकाओं के लिए 50 सीटें हैं। इसी प्रकार कांकेर, कोरबा और जशपुर में 100-100 सीटों में से बालकों और बालिकाओं के लिए 50-50 सीटें हैं।




