महिला समूहों को समय पर मिले राशि, हुये भुगतान का करवायें सत्यापन -कलेक्टर श्री भीम सिंह


कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय-सीमा की बैठक
रायगढ़, 13 जुलाई2021/ गौठानों में कार्यरत महिला स्व-सहायता समूहों को 30 जून तक की बिक्री का भुगतान कर दिया गया है। सभी सीईओ जनपद अपने विकासखण्ड में सचिवों के माध्यम से महिला समूहों को भुगतान प्राप्त हुआ अथवा नहीं इसका सत्यापन करवा लें। जहां समूहों के खातों में राशि नहीं मिली है वहां क्या समस्याएं आ रही है, पता करें और उसका तत्काल निराकरण करें। उक्त बातें कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आज समय-सीमा की बैठक में कही।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में गोधन न्याय योजना की समीक्षा की। उन्होंने गौठानों में गोबर खरीदी, वर्मी कंपोस्ट तथा सुपर कंपोस्ट निर्माण की जानकारी ली। गौठानों में तैयार कंपोस्ट को पैकेजिंग कर नियमित रूप से सहकारी समितियों में भंडारण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिमाह प्रत्येक गौठान में गौठान समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। सभी गौठानों में बारिश के मद्देनजर आवश्यक तैयारी रखने के लिये कहा। गौठानों में स्थापित मल्टी एक्टिविटी सेंटर में आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने मिनी राइस मिल प्रदान करने के निर्देश उप संचालक कृषि को दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक के दौरान धान के स्थान पर अन्य फसल उत्पादन की समीक्षा की। उप संचालक कृषि ने बताया कि किसानों की सहमति के आधार पर उन्हें बीज उपलब्ध कराए गए थे और किसान बोआई कार्य कर रहे है। आने वाले दिनों में दलहन-तिलहन की बोआई में तेजी आएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने इस संबंध में विकासखण्डवार बोआई की जानकारी ली। उन्होंने सभी एसएडीओ को इसकी लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने ऐसे सभी किसानों का राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत पंजीयन करवाने के लिए निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने वन मंडल रायगढ़ व धरमजयगढ़ से किसानों को उनकी मांग के अनुसार पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यानिकी विभाग को भी पौधे प्रदान करने के लिये निर्देशित किया। कलेक्टर श्री सिंह ने किसानों तथा वन अधिकार पत्र प्राप्त हितग्राहियों के केसीसी निर्माण के संबंध में सहकारी बैंक प्रबंधक एवं लीड बैंक मैनेजर से जानकारी ली। उन्होंने अभियान चलाकर केसीसी बनाने व इसकी वर्षवार अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने महिला स्व-सहायता समूहों को कृषि कार्य हेतु आबंटित पड़ती भूमि पर किए जा रहे कार्यों पर समीक्षा की। उन्होंने जिन स्थानों पर कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है वहां कारणों का सर्वे कर जानकारी देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी चिन्हांकित स्थानों में हाट-बाजार प्रारंभ करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। जिले में कोविड टेस्टिंग की समीक्षा की तथा रोजाना तय लक्ष्यों के अनुसार टेस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपलब्ध टीके अनुसार टीकाकरण कार्य लगातार करने के निर्देश दिए। नगर निगम क्षेत्र में डेंगू से बचाव के लिये अभियान जारी रखने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने विकासखण्ड मुख्यालयों में बनाये जा रहे युवा केन्द्रों का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहां आवश्यक किताबें, कम्प्यूटर सिस्टम की व्यवस्था भी शीघ्र सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को उन्होंने निर्देशित किया।
इस दौरान आयुक्त नगर निगम श्री एस.जयवर्धन, सीईओ जिला पंचायत डॉ.रवि मित्तल, डीएफओ धरमजयगढ़ श्री मणिवासगन एस, डीएफओ रायगढ़ डॉ.प्रणय मिश्र, अपर कलेक्टर श्री आर.ए.कुरूवंशी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
एक हफ्ते में चारागाह के लिये भूमि करें चिन्हांकित
कलेक्टर श्री सिंह ने गौठानों में चारागाह में हरा चारा प्लांटेशन की जानकारी ली। उप संचालक पशुपालन ने बताया कि गौठानों में शेड्यूल बनाकर नेपियर रूट्स का प्लांटेशन किया जा रहा है। लगभग 7 लाख रूट्स लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने जिन स्थानों में चारागाह की स्वीकृति नहीं मिली है वहां अगले एक सप्ताह में भूमि का चिन्हांकन करने के निर्देश संंबंधित एसडीएम को दिए। जहां पर चारागाह के लिए भूमि अनुपलब्धता है वहां गौठान में नेपियर रूट्स व हरा चारा लगाने के लिए निर्देशित किया।




