मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना ने जगदीश को दिलाई सफल व्यवसायी की पहचान

बच्चों को दिला रहे अच्छी शिक्षा, परिवार में भी आयी खुशहाली
रायगढ़, 23 अगस्त2021/ मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। जो खुद का व्यवसाय स्थापित करने की चाह रखते थे और जिनके पास उद्यम की स्थापना हेतु पूंजी के कोई साधन नहीं है तथा बैंकों से ऋण मिल पाने की कोई संभावना नहीं थी।
तहसील पुसौर पोस्ट-छातामुरा के 8 वीं पास 35 वर्षीय श्री जगदीश यादव जिनके पिता एक कृषक है और परिवार में कृषि कार्य ही मुख्य आय का स्त्रोत था। श्री जगदीश यादव अपने पिता के साथ कृषि कार्य में हाथ तो बंटाते ही है लेकिन इसके अलावा वे कुछ अलग व्यवसाय स्थापित करना चाहते थे, जिससे की आय में वृद्धि हो। उनका कहना था कि पारिवारिक कठिनाईयों की वजह से मैं तो ज्यादा पढ़ाई नहीं कर पाया, लेकिन अपने दोनों बेटो को अच्छी शिक्षा दिला सकूं और अपने परिवार को खुश रख सकूं।
तब उन्हें जिला व्यापार एवं उद्योग से लाभान्वित हितग्राही के माध्यम से योजना की जानकारी हुई और उन्होंने संबंधित कार्यालय में जाकर योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने खुद का व्यवसाय स्थापित करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना अंतर्गत उन्हें पंजाब नेशनल बैंक, पटेलपाली रायगढ़ से 01 लाख 90 हजार रुपये का ऋण मिला। जिससे उन्होंने अपने बस्ती में ही किराना व्यवसाय प्रारंभ किया। आज उनका किराना दुकान बहुत अच्छे से चल रहा है और वे इस व्यवसाय से समस्त मासिक खर्चो के बाद भी वे अपने परिवार के लिए लगभग 15 हजार रुपये की बचत कर ले रहे है साथ ही वे अपने दोनों बेटों को स्कूल में भी अच्छी शिक्षा भी दिला रहे है। खुद का एक राशन दुकान और सफल व्यवसायी होने के कारण श्री यादव की सामाजिक प्रतिष्ठा में भी अच्छी पहचान बनी है। श्री जगदीश यादव ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को धन्यवाद ज्ञापित किया है।




