☕️सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात पार, शातिर चोरों ने साक्ष्य मिटाने सीसीटीवी की हार्ड डिस्क भी उड़ाई💥


डोंगरगांव। नगर के विजयलक्ष्मी नगर (मुक्तिधाम के पीछे) क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाते हुए हजारों रुपये की नकदी, चांदी के जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज पार कर दिए। शातिर चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पड़ोस के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी चोरी कर ली, ताकि उनकी कोई फुटेज पुलिस के हाथ न लग सके।
जानकारी के अनुसार, विजयलक्ष्मी नगर वार्ड नं. 03 निवासी सेवक राम पडोती अपने परिवार के साथ बीते शुक्रवार, 1 मई को किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे। रविवार को जब परिवार वापस लौटा, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर देखा कि अलमारी और लॉकर के ताले भी टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित द्वारा थाने में दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, चोरों ने घर से लगभग 22 से 25 हज़ार रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात और नकदी सहित बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी किए हैं। पीड़ित परिवार के बताये अनुसार – सेवक राम पडोती और दीक्षा पडोती के विभिन्न बैंकों (SBI व अन्य) की 4 नग पासबुक, चांदी की पायल (2 जोड़ी) – अनुमानित कीमत 18,000 रुपये, चांदी की अंगूठी (6 नग) – अनुमानित कीमत 2,000 रुपये, नकद राशि – लगभग 1,300 रुपये की चोरी प्रथम दृष्टया पता लग पाया हैँ।
इस चोरी की वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरों ने सेवक राम के घर के सामने स्थित एक अन्य मकान, जहाँ सीसीटीवी कैमरे लगे थे, वहां भी हाथ साफ किया। चोरों ने वहां से कीमती सामान के बजाय सिर्फ सीसीटीवी की हार्ड डिस्क चोरी की। इससे यह स्पष्ट होता है कि चोर काफी शातिर थे और उन्हें डर था कि उनकी तस्वीर कैमरों में कैद हो गई होगी।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल डोंगरगांव थाना पहुंचकर मामले की सूचना दी है। सेवक राम पडोती ने लिखित आवेदन सौंपकर पुलिस से उचित कार्यवाही और सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
“घटना की जानकारी मिली है और पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया है। हम हर संभव एंगल से मामले की बारीकी से जांच करवा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
डोंगरगाँव थाना प्रभारी आईपीएस आदित्य कुमार…




