पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए प्रमाण-पत्रों को ऑनलाईन कराना होगा अपडेट

रायगढ़, 10 अगस्त2021/ आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास इन्द्रावती भवन नवा रायपुर द्वारा जारी निर्देशानुसार छात्रवृत्ति की पात्रता रखने वाले विद्यार्थियों के समस्त प्रमाण-पत्रों का ऑनलाईन छात्रवृत्ति पोर्टल पर डिजिटल माध्यम से सत्यापन किया जाना है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि छ.ग.राज्य में संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय कक्षा 11 वीं, 12 वीं, महाविद्यालयों, विश्व विद्यालयों, इंजीनियरिंग कालेज, मेडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज, पालीटेक्निक एवं आईटीआई आदि में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों जो पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखते है वे शिक्षा सत्र 2021-22 से ऑनलाईन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 10 वीं से उच्चतर)में आवेदन करने के लिए लोक सेवा केन्द्र द्वारा जारी ऑनलाइन आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र एवं निवास प्रमाण-पत्र बनवाना अनिवार्य होगा। जो वेबसाईट www.edistrict.cgstate.gov.in पर उपलब्ध हो, मान्य होगा। विद्यार्थियों के आधार कार्ड में कोई त्रुटि (नाम, जन्मतिथि, पता)सुधार हो तो उसे अवश्य पूर्ण करा ले। विद्यार्थी द्वारा पोर्टल पर प्रदाय किए गए बैंक खाते का आधार नंबर से लिंक करवाना अनिवार्य है। पोस्ट मैटिक छात्रवृत्ति पोर्टल प्रारंभ होने से पर्व, लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र एवं निवास प्रमाण-पत्र ऑनलाईन प्राप्त करने की कार्यवाही सुनिश्चित करावें। साथ ही जिन विद्यार्थियों का पूर्व में ऑफलाईन उक्त प्रमाण-पत्र तैयार है वे भी ऑनलाईन अपडेट कराना सुनिश्चित करें।




